Makar Sankranti 2023: हिंदू धर्म में मकर संक्रांति के पर्व का विशेष महत्व होता है। इस बार मकर संक्रांति का पर्व दो दिन मनाया जा रहा है। जिसकी वजह यह है कि सूर्यदेव 14 जनवरी को रात में मकर राशि में प्रवेश कर रहे हैं। ऐसे में हर साल 14 तारीख को मनाए जाने वाला यह पर्व 15 जनवरी 2023, रविवार को भी मनाया जाएगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, मकर संक्रांति से शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाती है। ऐसे में इस दिन नए काम की शुरुआत करना काफी शुभ माना जाता है।
वहीं, मकर सक्रांति के दिन नदी में स्नान करने और दान करने का बड़ा पुण्य माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन जो भी व्यक्ति भगवान सूर्यदेव की पूरी भक्ति-भाव से पूजा-अर्चना करता है। उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती है। ऐसे में आज के दिन सूर्यदेव की पूजा करने का की विधि-विधान जानें-
मकर संक्रांति के दिन सबसे पहले सुबह जल्दी उठकर सभी कामों से निवृत्त होकर स्नान आदि करना चाहिए। स्नान के बाद साफ-सुथरे वस्त्र धारण कर भगवान सूर्य को अर्घ्य देना चाहिए। एक जल से भरे तांबे के लोटे में थोड़ा सा सिंदूर, अक्षत और लाल फूल डालकर चढ़ाना लाभकारी माना जाता है। इस दिए जाने वाले अर्घ्य के साथ सूर्य भगवान के मंत्रों का जाप भी करना चाहिए। इसके साथ ही मकर संक्रांति के दिन भगवान सूर्य को गुड़, तिल, खिचड़ी आदि का भोग लगाकर उनकी विधिवत आरती करनी चाहिए।