Ramadan 2023: इस्लाम धर्म में रमज़ान का महीना बहुत पाक माना जाता है। कहा जाता है कि इस महीने में जो भी मुसलमान सच्चे दिल से रोज़े रखेगा, पांच वक्त की नमाज़ पढ़ेगा और ज़कात देगा अल्लाह उसके गुनाह माफ करेगा और उसकी सारी दुआएं कुबूल करेगा। रमज़ान का महीना बरकत और इबादत का महीना होता है। शाबान महीने के बाद रमज़ान का पवित्र महीना आता है। आइए जानते हैं कि साल 2023 में रमज़ान का महीना कब से शुरु हो रहा है?

जानिए साल 2023 में रमजान कब से शुरु हैं?

इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार नौवें नंबर पर आने वाला महीना रमज़ान का महीना होता है। यह शाबान महीने के बाद आता है। हर वर्ष चांद के मुताबिक महीने की तारीख बदलती रहती है। इस वर्ष अनुमान लगाया जा रहा है कि रमज़ान का चांद 22 मार्च को दिखेगा और 23 मार्च को पहला रोज़ा रखा जाएगा। यदि ऐसा हुआ तो इस साल 29 दिनों के रोज़े रखे जाएंगे। अगर 22 मार्च को चांद नहीं दिखा और 23 मार्च को दिखेगा तो 24 मार्च का पहला रोज़ा रखा जाएगा।

माह-ए-रमज़ान का महत्व

इस्लाम धर्म में रमज़ान का महीना बहुत मुबारक, पाक, बबरक और इबादत वाला होता है। ऐसी मान्यता है कि इस महीने में जो भी सच्चे दिल से अल्लाह की इबादत करता है। उसे दोगुना सवाब मिलता है। इस महीने में इस्लाम धर्म की पवित्र किताब कुरान पैगंबर मोहम्मद पर नाज़िल हुई थी। इसलिए इस महीने कुरान पढ़ना फर्ज़ माना जाता है। कहा जाता है कि इस पाक महीने में अल्लाह जन्नत के दरवाजे खोल देता है और दोजख के दरवाजे को बंद कर देता है |