Yamuna Expressway Accident: ब्रजभूमि मथुरा में एक बड़ा हादसा हो गया है। थाना नौहझील इलाके में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि ये हादसा माइल स्टोन 68 के पास हुआ है। यमुना एक्सप्रेस वे पर वैगनआर कार और अज्ञात वाहन में जोरदार टक्कर हुई। इसमें कार के परखच्चे उड़ गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में कार में सवार तीन पुरुष, तीन महिला और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग हरदोई से दिल्ली की ओर जा रहे थे। उन्हें वहां शादी समारोह में शामिल होना था। हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेस वे पर कोहराम मच गया।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना के बाद कार में फंसे मृत लोगों के शवों को कार से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। सभी मृतक हरदोई जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।