किसान नेता राकेश टिकैत के काफिले पर 02 अप्रैल को हमला हुआ था। राजस्थान में कुछ लोगों ने उनके स्वागत के बहाने उनकी गाड़ी रुकवाई और फिर हमला कर दिया। उनके ऊपर स्याही भी फेंकी गई। इसके साथ ही उनकी कार के शीशे भी तोड़े गए। हमले के बाद राकेश टिकैत ने ट्वीट कर इसका जिम्मेदार भाजपा को ठहराया था। टिकैत का आरोप था कि भाजपा के गुंडों ने उनपर हमला किया है।
राकेश टिकैत पर हमले का मामला कल रात दर्ज हुआ था। इस मामले में पुलिस ने ABVP के कार्यकर्ता कुलदीप सिंह यादव समेत 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। राकेश टिकैत पर ये हमला तब हुआ जब वो सावली में सभा करके बानसूर जा रहे थे। बता दें कि पुलिस ने इन 14 लोगों पर धारा 307, 398,332,53,145,46,47,48, 49,323,41,506 और 427 में मामला दर्ज किया है। ततारपुर थाना पुलिस (Tatarpur Police) ने इन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस हमले के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "अलवर में भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत जी के काफिले पर BJP के लोगों द्वारा हमला निंदनीय है, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। BJP किसान आंदोलन की शुरुआत से ही किसानों के हक में संघर्ष करने वालों के प्रति अनर्गल बयानबाजी, अलोकतांत्रिक बर्ताव कर रही है, जोकि शर्मनाक है।"