Delhi Farmers Tractor Rally: गणतंत्र दिवस के दिन किसानों की ट्रैक्टर रैली में हुई हिंसा पर दिल्ली पुलिस ने अब एक्शन लिया है। किसानों की ट्रैक्टर परेड दौरान हुई हिंसा पर पुलिस ने अलग-अलग थानों में 22 FIR दर्ज की हैं। तोड़फोड़ और पुलिसकर्मी की पिस्टल लूट जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस हिंसा में लगभग 300 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। दिल्ली में सीआरपीएफ की 15 कंपनियां तैनात की गई है। इस हिंसा के दौरान एक किसान की भी मौत हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर लाल किला मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद किया गया है। इसके अलावा जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार भी बंद हैं। दिल्ली मेट्रो से मिली जानकारी के अनुसार, बाकी सभी सभी स्टेशन खुले हुए हैं।
वहीं आज लुटियंस जोन को जाने वाले रास्ते बंद रखे गए है। इंडिया गेट, प्रगति मैदान और मंडी हाउस जाने वाले रास्ते बंद है। बता दें कि गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदर्शनकारियों ने लाल किले पर पहुंचकर खूब हंगामा किया। इतना ही नहीं, यहां संगठन का झंडा फहरा दिया गया है। झंडा वहां फहराया गया है, जहां 15 अगस्त को पीएम National Flag फहराते हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर भी हमला किया। पुलिस ने बताया कि किसानों ने चार मार्गों पर शांतिपूर्ण परेड निकालने का आश्वासन दिया था। लेकिन किसानों ने निर्धारित रास्तों पर जाने के बदले मध्य दिल्ली की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान पुलिस ने जब किसानों को रोकने की कोशिश की तो किसानों ने सभी अवरोधकों को तोड़ दिया।
वहीं इस पूरे मामले पर किसान मज़दूर संघर्ष समिति के जनरल सचिव सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि, ''हमारा कार्यक्रम दिल्ली के आउटर रिंग रोड पर था वहां पर जाकर हम लोग वापस आ गए। हमारा न तो लाल किले का कार्यक्रम था, न ही झंडा फहराने का था। जिन लोगों ने ये काम किया हम उनकी निंदा करते हैं। जिसने भी ये काम किया वो दोषी है।''
उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, ''दीप सिद्धू की फोटो PM के साथ भी आ रही है। हमें इन पर शक है। अब दीप सिद्धू जी किधर से लाल किले के पास गए और कहां से वापस आए। जिन लोगों ने ऐसा किया उन्हें चिंहित किया जाएगा। ये सब किसान मज़दूर को बदनाम करने के लिए किया गया है।''