Farmers Mahapanchayat: नए कृषि क़ानूनों के खिलाफ किसान पिछले 82 दिनों से दिल्ली के अलग-अलग बॉर्डर सिंघु, टिकरी और गाजीपुर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने साफ कर दिया है कि जब तक सरकार कानूनों को वापस नहीं लेती है किसान दिल्ली की सीमा खाली नहीं करने वाले हैं।
वहीं अब यूपी में साल 2022 में विधानसभा चुनाव अगले होने वाले हैं, लिहाजा सभी पार्टियां अपनी पूरी तैयारी में है। इसी कड़ी में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी आज (15 फरवरी) बिजनौर के चांदपुर की रामलीला ग्राउंड में किसानों की महापंचायत में शामिल होने वाली हैं। यहां वो किसानों को संबोधित करने वाली हैं। बता दें कि मेरठ में होने वाले किसान पंचायत के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है।
मेरठ में जिला अध्यक्ष कांग्रेस अवनीश काजला के अनुसार आज प्रियंका गांधी का मेरठ दौरा नहीं होगा। उन्होंने जानकारी दी कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 15 फरवरी को बिजनौर में किसानों की पंचायत में शामिल होंगी। वहीं, इससे पहले भी प्रियंका गांधी सहारनपुर में किसानों को संबोधित करने जा चुकी हैं।
आपको बता दें कि अब संगठन संयुक्त किसान मोर्चा ने ऐलान किया है कि 18 फरवरी को देशभर में ट्रेन रोको अभियान चलाया जाएगा। किसान नेता राकेश टिकैत का साफ कहना है कि 18 फरवरी को देश भर में 4 घंटे के लिए ट्रेन रोको अभियान चलाया जाएगा। इस बार रेल रोको अभियान रद्द नहीं होने वाला है। इसके साथ ही किसानों ने में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की याद में आज मोमबत्ती मार्च निकालने वाले हैं।