Joe Biden Swearing In Ceremony: जो बाइडेन ने 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। उनसे पहले कमला हैरिस ने उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली। जो बाइडेन ने देश को संबोधित किया। शपथ लेने के बाद बाइडन ने कहा कि, यह अमेरिका का दिन है। यह लोकतंत्र की जीत है। आज नया इतिहास बन रहा है। बता दें कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति के तौर पर कमला हैरिस ने शपथ ली। इस पद पर पहुंचने वाली कमला हैरिस पहली महिला है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति जो बाइडेन को बधाई दी ट्वीट कर कहा, ‘‘अमेरिका के राष्ट्रपति का पदभार संभालने पर जो बाइडन को शुभकामनाएं, भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने के लिए उनके साथ काम करने को उत्सुक हूं।’’ उन्होंने एक अन्य Tweet में कहा, ‘‘भारत और अमेरिका की साझेदारी, साझा मूल्यों पर आधारित है। बाइडेन के साथ कार्य करके भारत और अमेरिका की साझेदारी को नई ऊंचाई देने के लिए संकल्पित हूं।’’
कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने भी जो बाइडेन को बधाई दी। उन्होंने Tweet किया ''लोकतंत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत के लिए अमेरिका को बधाई। राष्ट्रपति बाइडेन और उपराष्ट्रपति हैरिस को शुभकामनाएं।''
आपको बता दें कि तमिलनाडु राज्य की मूल निवासी रही कमला हैरिस के गांव थुलासेंद्रपुरम में लोगों ने अपने घरों और दुकानों के बाहर कमला हैरिस के बड़े-बड़े पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए हैं। गांव वालों का कहना है कि, वे सभी आज बहुत उत्साहित हैं कि कमला हैरिस अमेरिका के उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी। उन्होंने ने गांव की महिलाओं को प्रेरित किया है।