Mathura: उत्तर भारत के कई इलाकों में आज भी घना कोहरा छाया हुआ है। इसी के चलते यमुना एक्सप्रेस वे पर गुरुवार तड़के नोएडा से आगरा की तरफ जा रही मैक्स पिकअप डिवाइडर में टकरा कर सड़क पर पलट गई। पीछे से आ रही 3 गाड़ियां एक के बाद एक आपस में टकरा गईं। इस हादसे में 1 मौत हो गई वहीं 12 लोग घायल हो गए। हादसे में 2 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना यमुना एक्सप्रेसवे पर बलदेव थाना इलाके के पास हुई है। बताया जा रहा है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा की तरफ से आ रही मैक्स पिकअप घने कोहरे के कारण डिवाइडर से टकराकर गई और सड़क पर पलट गई। इसके बाद पीछे आ रही तीन प्राइवेट स्लीपर बसें टकराकर गई।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों प्राइवेट स्लीपर बसों की रफ्तार कोहरे के कारण कम थी। जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया। बसों की टक्कर के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बस में सवाल लोगों के चीख-पुकार मचाते हुए बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही मौके पर पीआरवी, टोल चौकी और बलदेव थाने की पुलिस पहुंच गई। तुरंत ही राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। क्रेन मंगवाकर बसों को किनारे करवाया गया और उसमें फसें लोगों को बाहर निकला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल, एक्सप्रेस वे पर आवागमन सुचारू कराया गया है।
आपको बता दें कि मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। टोल चौकी इंचार्ज प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस खबर के बारे में और अधिक जानने के लिए देखिए ये Video…