Odisha: ओडिशा के राउरकेला में बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया है। यहां के राउरकेला स्टील प्लांट में गैस लीक होने की वजह से 4 मजदूरों की मौत हो गई है। और ज़हरीली गैस लीक के कारण 6 लोग बीमार हो गए हैं। हालांकि इन सभी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। ऐसा बताया जा रहा है कि इनमें से 5 की हालत काफी गंभीर है। मिली जानकारी के अनुसार, गैस का रिसाव राउरकेला स्टील प्लांट के कोल केमिकल डिपार्टमेंट में 06 जनवरी सुबह करीब 9:45 बजे हुआ था। प्लांट का काम उसी समय शुरू हुआ था।
आरएसपी के अधिकारियों ने बताया कि, ‘‘ निजी कम्पनी द्वारा संविदा पर रखे गए चार कर्मचारियों को सुबह नौ बजे कुछ परेशानी होने लगी, इसके बाद उन्हें संयंत्र के स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया और बाद में इस्पात जनरल अस्पताल (आईजीएच) के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।’’ उन्होंने आगे बताया कि मरने वालों कि पहचान गणेश चंद्रा पिल्लै (55), रबिन्द्र साहू (59), अभिमन्यु शाह (33) और ब्रम्हानंदा पांडा (51) के तौर पर है।
इस घटना पर प्रदेश के सीएम ने Tweet कर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है कि "राउरकेला स्टील प्लांट में गैस लीक होने के चलते हुई मौत के बारे में जानकर दुख हुआ। इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ मेरी सांत्वना है और जो अस्पताल में भर्ती हैं उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं।"