कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज बिजनौर में किसान पंचायत को संबोधित करने के दौरान केंद्र सरकार पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने मोदी सरकार को लेकर कहा कि, देशभर में गन्ना किसानों का 15 हजार करोड़ रुपया बकाया है लेकिन अबतक इसका भुगतान पूरा नहीं किया गया है। इतना ही नहीं, प्रियंका ने प्रधानमंत्री मोदी पर वार करते हुये कहा कि, पीएम मोदी ने पूरी दुनिया घूमने के लिए दो हवाई जहाज खरीदे हैं, जो कि 16000 करोड़ के हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा, 'ये तीनों कानून किसान के लिए नहीं बनाए गए हैं, ये इनके पूंजीपति मित्रों के लिए बनाए गए हैं। ये देश अंधा नहीं है, देख रहा है कि 7 सालों से देश में क्या हो रहा है। इनके पूंजीपति मित्रों को पूरा देश सौंप दिया गया है।' 'जब किसान कह रहा है कि हमें आपका कानून नहीं चाहिए तो आप कानून वापस क्यों नहीं ले लेते? क्या किसी की भलाई जबरदस्ती करते हैं? क्या प्रधानमंत्री की समझ देश के करोड़ों किसानों से ज्यादा है? क्या किसान ये नहीं जानते कि उनकी भलाई के लिए क्या अच्छा है और क्या नहीं?'
प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि, 'पिछले 80 दिन से पूरी सर्दीभर किसान दिल्ली की सीमाओं पर डटे रहे, अब वे खुद को गर्मियों के लिए तैयार कर रहे हैं। वे किसलिए बैठे हैं? प्रियंका ने आगे कहा, 'कभी-कभी मैं सोचती हूं कि लोगों ने मोदी जी को दो बार क्यों चुना।'
आपको बता दें कि नए कृषि क़ानूनों के खिलाफ किसान पिछले 82 दिनों से दिल्ली के अलग-अलग बॉर्डर सिंघु, टिकरी और गाजीपुर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने साफ कर दिया है कि जब तक सरकार कानूनों को वापस नहीं लेती है किसान दिल्ली की सीमा खाली नहीं करने वाले हैं। अब संगठन संयुक्त किसान मोर्चा ने ऐलान किया है कि 18 फरवरी को देशभर में ट्रेन रोको अभियान चलाया जाएगा। किसान नेता राकेश टिकैत का साफ कहना है कि 18 फरवरी को देश भर में 4 घंटे के लिए ट्रेन रोको अभियान चलाया जाएगा। इस बार रेल रोको अभियान रद्द नहीं होने वाला है। इसके साथ ही किसानों ने में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की याद में आज मोमबत्ती मार्च निकालने वाले हैं।